सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

इसलिए वैज्ञानिक अब धीरे-धीरे इस निष्कर्ष की तरफ़ बढ़ रहे हैं कि टीकों से भी बहुत समय तक बचाव नहीं हो सकेगा। कोरोना जैसे वायरसों से बचने के लिए हमें उन कारणों को दूर करना होगा जिनसे ये वायरस फैल रहे हैं। 1918 के स्पेनी फ़्लू से लेकर आज के कोरोना वायरस तक महामारी फैलाने वाले लगभग सभी वायरस जंगली या पालतू जानवरों से फैले हैं।

https://blog.scientificworld.in/2021/05/1918.html

Shiv Kant:पूर्व सम्पादक बीबीसी हिंदी सेवा 

 
कोविड की महामारी अमरीका, यूरोप और दक्षिण अमरीका के देशों के बाद अब भारत में तबाही मचा रही है। इस पर काबू पाने के लिए भारत को भी अमरीका, यूरोप और चीन की तरह टीकाकरण करना होगा। मुश्किल यह है कि व्यापक पैमाने पर फैल जाने के कारण अब कोरोना के इस वायरस के बाहरी खोल में बदलाव आने लगे हैं जिनकी वजह से यह और तेज़ी से फैलने लगा है।
वायरस में आ रहे परिवर्तनों को देखते हुए टीका वैज्ञानिकों ने कहना शुरू कर दिया है कि लोगों को महामारी से बचाए रखने के लिए एक साल के भीतर एक टीका और लगाने की ज़रूरत पड़ सकती है। कुछ वैज्ञानिकों का तो यह भी मानना है कि इस महामारी से बचे रहने के लिए ज़ुकाम के वायरस की तरह ही शायद हर साल टीका लगवाना पड़े। टीका बेअसर भी हो सकता है और नया टीका बनाना पड़ सकता है।
इसलिए वैज्ञानिक अब धीरे-धीरे इस निष्कर्ष की तरफ़ बढ़ रहे हैं कि टीकों से भी बहुत समय तक बचाव नहीं हो सकेगा। कोरोना जैसे वायरसों से बचने के लिए हमें उन कारणों को दूर करना होगा जिनसे ये वायरस फैल रहे हैं। 1918 के स्पेनी फ़्लू से लेकर आज के कोरोना वायरस तक महामारी फैलाने वाले लगभग सभी वायरस जंगली या पालतू जानवरों से फैले हैं।
माना जाता है कि स्पेनी फ़्लू सूअरों से इंसानों को लगे वायरस से फैला था और इसकी शुरुआत अमरीका के केंसस राज्य के एक सैनिक शिविर से हुई थी। एड्स का वायरस HIV अफ़्रीका के बंदरों से फैलना शुरू हुआ था। 2002 का सार्स वायरस चीन के ग्वांगडोंग प्रांत की जंगली जानवरों की मंडी से फैला था। चीन से हांगकांग और दक्षिण पूर्वी एशिया में फैलने वाला बर्ड फ़्लू चीन के कलहंस और हांगकांग के मुर्गी फ़ॉर्मों से फैला था।
2009 में एशिया और मैक्सिको से फैलने वाला स्वाइन फ़्लू सूअर फ़ॉर्मों से फैला था और 2014 में पश्चिम अफ़्रीका के कई देशों में आतंक फैलाने वाला इबोला चमगादड़ों और बंदरों से फैला था। कोरोना वायरस के बारे में भी यही माना जाता है कि वह चीनी शहर वूहान की उस जानवर मंडी के चमगादड़ या पैंगोलिन जैसे जानवरों से फैला है जिन्हें ग्राहकों के सामने मार कर बेचा जाता है।
वैज्ञानिकों का मानना है कि जंगली जानवरों को व्यापार के लिए पिंजरों के भीतर निर्मम हालात में रखा जाता है। यातना से सताए और कमज़ोर पड़े इन जानवरों के शरीरों में वायरसों को तेज़ी से पनपने और आस-पास के इंसानों को लग जाने का ख़तरा बना रहता है।
इसी तरह जानवरों के कारख़ानों की शक्ल लेते जा रहे फॉर्मों में बत्तख़-बटेर और मुर्गे जैसे पक्षियों को कुछ ही इंच के तंग पिंजरों में पाला और मोटा किया जाता है। इसी तरह सूअरों, गायों और भैंसों को तंग खाँचों में रखकर पाला और उनका दोहन किया जाता है। आज के बेहद चर्चित विचारक प्रो युवाल नोहा हरारी ने अपनी प्रसिद्ध पुस्तक सेपियन्स में हमारी इस निर्ममता का ‘क्रांति के शिकार’ अध्याय में मार्मिक चित्रण किया है।
हज़ारों-लाखों की संख्या में जगह के लिए छटपटाते और अपने मल-मूत्र में पलते इन जानवरों के शरीरों में घातक हारमोन बनते हैं जो इनके दूध और मांस को खाने वालों के शरीरों में भी जाते हैं। लेकिन उससे भी ख़तरनाक बात यह है कि यातना की वजह से इन जानवरों के शरीर वायरसों के अखाड़े बन जाते हैं जहाँ से वायरस आसानी से इनके आस-पास काम करने वाले इंसानों को लग जाते हैं।
जानवरों से इंसानों को लगने वाले घातक वायरसों का यह चक्र तभी से चला आ रहा है जबसे हमने जानवरों को प्रोटीन के कारख़ाने की तरह पालना और दोहना शुरू किया है। वायरसों से बचाव के लिए टीके ज़रूर बन गए हैं लेकिन हमारी मुनाफ़े और प्रोटीन की बढ़ती भूख की वजह से वायरसों की रफ़्तार टीकों से तेज़ होती जा रही है। इसका इलाज इस चक्र को तोड़े बिना संभव नहीं है।
विज्ञान ने हमारे एक नया रास्ता खोल दिया है। यदि हम चाहें तो जानवरों को सताए बिना और उनके संपर्क में आए बिना भी प्रोटीन बना सकते हैं। कृत्रिम बुद्धि से ऐसी मशीनें बना ली गई हैं जो वनस्पति को ही सीधे दूध, अंडे और मांस में बदल सकती हैं। गूगल की फ़िल्म शृंखला The Age of AI (कृत्रिम बुद्धि का युग) में चिली की एक कंपनी Notco की विस्तार से चर्चा है। यह कंपनी वनस्पति से बना दूध, अंडे और मांस बेचती है जो स्वाद, गंध और बनावट में एकदम असली दूध, अंडे और मांस जैसा होता है।
वनस्पति से बने दूध और मांस को बनाने और बेचने वाली कंपनियाँ ब्रज़ील और अमरीका में भी हैं। ऐसे रेस्तराँ भी हैं जहाँ आप वनस्पति से बने डेयरी और मांस के पकवानों का ज़ायका ले सकते हैं। अभी ये चीज़ें मँहगी हैं लेकिन यदि इनकी माँग बढ़े तो दाम असली डेयरी और मांस से नीचे आने में देर नहीं लगेगी। जानवर भी तो वनस्पति खाकर ही दूध, अंडे और मांस बनाते हैं। यदि उनका काम सीधे कृत्रिम बुद्धि की मशीनें करने लगें तो जानवरों का भी भला होगा और हम उनसे लगने वाले वायरसों से बच जाएँगे।
वनस्पति से बनने वाले डेयरी और मांस से पर्यावरण का भी बचाव होगा। जानवरों के डेयरी और मांस से बने भोजन पर शाकाहारी भोजन की तुलना में आठ गुणा पानी और संसाधन ख़र्च होते हैं। तापमान को गर्म करने वाली ग्रीनहाउस गैसों का एक तिहाई जानवरों के शरीरों से निकलने वाली मिथेन गैसें हैं। सीधे वनस्पति से बनने वाले डेयरी और मांस हमारे पर्यावरण को बचाएँगे और हमें वायरसों से बचाएँगे।
सवाल हमारी मानसिकता का और डेयरी और मांस उद्योग से जुड़े किसानों और व्यापारों के स्वार्थ का है। किसानों की लॉबी दुनिया में कितनी मज़बूत है इसका अंदाज़ा आप भारत में चल रहे किसानों के आंदोलन से लगा सकते हैं। तंबाकू उद्योग ने धूम्रपान से होने वाले नुकसानों पर पर्दा डाले रखा और 50 साल तक धूम्रपान पर कोई पाबंदी नहीं लगने दी।
इसी तरह तेल-उद्योग पर्यावरण को होने वाले असली नुकसान पर पर्दा डाले हुए है। दुनिया चाह कर भी पिछले 40 सालों से कुछ नहीं कर पा रही है। ऐसे में क्या पशुपालन और डेयरी उद्योग लोगों को वनस्पति से बनने वाले डेयरी और मांस की तरफ़ जाने देगा? यदि नहीं, तो फिर इस वायरस पर काबू करने से पहले अगले किसी और भी ख़तरनाक वायरस के लिए कमर कस लीजिए!
Posted by :Virendra Sharma #870/31,GF ,Near Faridabad Model School ,Faridabad 121 003
P.S Shiv Kant Shma is my friend a one time collegue at University College Rohatk .He was with AIR Delhi as Sanskrit News Reader before joining BBC Hindi service and now lives in London .As of today he is a freelancer Journalist .
virendra sharma

#WetMarkets #industrialfarmhouse #globalwarming #notco #TheAgeofAI #whatthefood #nomeat #nomilk #COVID19 #Ebola #SARS #spanishfu #BirdFlu #SwineFlu #hivaids #plantbased #sapiens #YuvalNoahHarari #humanefarming #crueltyagainstanimals  

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

You are as old as your feet (HIndi ): *बुढापा पैरों से शुरु होता है* (विशेषतः मेरे सीनियर सिटीजन मित्रों के लिए)

  *बुढापा पैरों से शुरु होता है* (विशेषतः मेरे सीनियर सिटीजन मित्रों के लिए) मुझे आज उपरोक्त संदर्भ में एक समझने लायक लेख मिला। मैं तो रोज कम से कम 45 मिनट लगातार पैदल चलता हूं जो मेरे ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित रखने में मदद करता है व यही सीनियर सिटीजन्स हेतु सबसे अच्छी एक्सरसाइज है। इस लेख में पैदल चलने के और भी फायदे बताए हैं। मैं पैरों के नर्व्स और वेंस के लिए स्ट्रेच एक्सरसाइज़ में अलाली कर लेता था, जो अब नही करूँगा। क्योंकि पिंडली को कुछ लोग इसमें नर्व्स और वेंस के कारण इसे छोटा दिल जो कहते हैं। शायद ये लेख आपको भी उचित लगे। मनोहर गजपल्ला *बुढ़ापा पैरों से ऊपर की ओर शुरू होता है !  अपने पैरों को सक्रिय और मजबूत रखें !!* जैसे-जैसे हम साल ढलते जाते हैं और रोजाना बूढ़े होते जाते हैं, हमारे पैर हमेशा सक्रिय और मजबूत बने रहने चाहिए। जैसा।  हम लगातार बूढ़े हो रहे हैं / वृद्ध हो रहे हैं, हमें  बालों के भूरे (या) त्वचा के झड़ने (या) झुर्रियों से डरना नहीं चाहिए। दीर्घायु के संकेतों में, जैसा कि अमेरिकी पत्रिका "रोकथाम" द्वारा सारांशित किया गया है, मजबूत पैर की मांसपेशिय...

मन फूला फूला फिरे जगत में झूठा नाता रे , जब तक जीवे माता रोवे ,बहन रोये दस मासा रे , तेरह दिन तक तिरिया रोवे फ़ेर करे घर वासा रे।

पेड़ से फल पकने के बाद स्वत : ही गिर जाता है डाल से अलग हो जाता है एक मनुष्य ही है जो पकी उम्र के बाद भी बच्चों के बच्चों से चिपका रहता है। इसे ही मोह कहते हैं। माया के कुनबे में लिपटा रहता है मनुष्य -मेरा बेटा मेरा पोता मेरे नाती आदि आदि से आबद्ध रहता है।  ऐसे में आध्यात्मिक विकास के लिए अवकाश ही कहाँ रहता है लिहाज़ा : पुनरपि जन्मम पुनरपि मरणम , पुनरपि जननी जठरे शयनम।  अनेकों जन्म बीत गए ट्रेफिक ब्रेक हुआ ही नहीं।    क्या इसीलिए ये मनुष्य तन का चोला पहना था। आखिर तुम्हारा निज स्वरूप क्या है। ये सब नाते नाती रिश्ते तुम्हारे देह के संबंधी हैं  तुम्हारे निज स्वरूप से इनका कोई लेना देना नहीं है। शरीर नहीं शरीर के मालिक  शरीरी हो तुम। पहचानों अपने निज सच्चिदानंद स्वरूप को।  अहम् ब्रह्मास्मि  कबीर माया के इसी कुनबे पर कटाक्ष करते हुए कहते हैं :मनुष्य जब यह शरीर छोड़ देता है स्थूल तत्वों का संग्रह जब सूक्ष्म रूप पांच में तब्दील हो जाता है तब माँ जीवन भर संतान के लिए विलाप करती है उस संतान के लिए जो उसके जीते जी शरी...

बहुगुणा तुलसी :आप भी आज़माएँ

उपलब्ध सनातन भारतीय संस्कृति में विष्णु प्रिया तुलसी का जहां आध्यात्मिक महत्व है वहीँ तुलसी के औषधीय गुण भी अक्सर चर्चा में रहते हैं। इसकी एक ताज़ा झलक यहां प्रस्तुत है : विटामिन A ,D लौह तत्व आयरन के अलावा तुलसी जल  घुलने न घुलने वाले दोनों  प्रकार के खाद्य रेशों से लबालब है। आवश्यक खनिज लवणों एवं विटामिनों का एक समहू (एंटीऑक्सीडेंट्स )तुलसी में मौजूद हैं। एक और जहां पांच तुलसियों का सत आपके लिए बाज़ार में सहज सुलभ है वहीँ काढ़े की तरह ग्रीन टी की तरह आप घर में भी दो कप शुद्ध  जल में दो तीन मिनिट तुलसी को मंदी आंच पर उबाला दे छानकर  पी सकते हैं स्वादानुसार एक चम्मच शुद्ध शहद भी इस गुनगुने जल में मिलाकर आप इसे सुबह की चाय  का बढ़िया विकल्प बना सकते हैं।  कब्ज़ की बेहद आमफहम समस्या से निजात दिलवाएगा आपको ये घर में तैयार टॉनिक। पहले आज़माएँ फिर विश्वास करे।हाज़िम है यह सुबह का टॉनिक खाली पेट लेते रहें।  खून में थक्का बनने को मुल्तवी रखेगा ये तुलसी सार। उच्च रक्त चाप और परि-हृदय धमनी रोगों से ग्रस्त लोगों के लिए रामबाण साबित होगा।  शरीर से विष को निकाल बाहर...